मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय (देहरादून) से समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत माह दिसंबर की पेंशन धनराशि का डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण किया। इस अवसर पर विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत माह दिसंबर में कुल 9 लाख से अधिक लाभार्थियों को पेंशन राशि का लाभ प्रदान किया। इसके अंतर्गत कुल ₹14,026.97 लाख की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा की हमारी सरकार समाज के वृद्धजनों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, किसानों एवं अन्य पात्र वर्गों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पेंशन की राशि समयबद्ध, पारदर्शी एवं सम्मानजनक तरीके से पहुंचे। पेंशन योजनाएं प्रदेश के कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए संबल प्रदान कर रही हैं और सरकार इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

