बनभूलपुरा में बिजली विभाग का बड़ा चेकिंग अभियान, बिजली चोरी और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले आए सामने

Spread the love

हल्द्वानी।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। सोमवार सुबह पांच बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में सात टीमें मैदान में उतरीं। किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत कई इलाकों में जांच की गई। विभाग के मुताबिक, अभियान के दौरान बिजली चोरी और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए हैं। करीब 108 एफआईआर दर्ज करने की तैयारी है।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग ने व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। सुबह पांच बजे से शुरू हुई कार्रवाई में सात टीमों ने अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण किया। किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर में घरों और बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। अभियान में विभागीय अधिकारी, विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।

विद्युत विभाग के अनुसार, जांच के दौरान कथित तौर पर कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। कार्रवाई के दौरान संबंधित मीटर सीज किए गए हैं और करीब 108 एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। इन मामलों में बनभूलपुरा कोतवाली में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों का अध्ययन कर रहा था। जांच में बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद व्यापक चेकिंग अभियान की योजना बनाई गई। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए विभाग अब कुछ अहम कदम उठाने की तैयारी में है। मुख्य अभियंता के मुताबिक, घरों के अंदर लगे मीटरों को बाहर शिफ्ट करने, सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने और क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू किया जाएगा। विभाग का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य बिजली चोरी रोकना और नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है।

मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन दिलाने या बिल जमा कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे मांगता है, तो इसकी शिकायत पुलिस से करें। उन्होंने यह भी बताया कि निरीक्षण के दौरान विभागीय कर्मचारियों से जुड़ी कुछ शिकायतें सामने आई हैं। इनकी जांच के बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान अधीक्षण अभियंता रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल सहित विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Vishal Sharma