हल्द्वानी के बनभूलपुरा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई , बिना जरूरी दस्तावेजों के संचालित 3 क्लीनिक किए सील

Spread the love

हल्द्वानी।

हल्द्वानी में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक महिला की मौत के मामले के बाद तेज हुई है। जांच के दौरान क्लीनिक संचालक जरूरी पंजीकरण और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अलग-अलग क्लीनिकों में पहुंचकर पंजीकरण, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराए जाने पर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया गया।

इस कार्रवाई में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, एसीएमओ रजत भट्ट, बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम शामिल रही। टीम ने क्लीनिक संचालकों से आवश्यक दस्तावेज मांगे। प्रशासन के मुताबिक, दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।

दरअसल, कथित तौर पर गर्दन का दर्द ठीक कराने गई एक महिला की मौत के मामले के बाद क्षेत्र में क्लीनिकों के संचालन को लेकर प्रशासन सतर्क हुआ है। इसी क्रम में बिना जरूरी दस्तावेजों के संचालित होने की शिकायतों के आधार पर जांच और कार्रवाई की गई।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि प्रशासन को बनभूलपुरा क्षेत्र में आवश्यक दस्तावेजों के बिना क्लीनिक संचालित होने की शिकायत मिली थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्लीनिक संचालकों के लिए स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार पंजीकरण कराना और जरूरी लाइसेंस व दस्तावेज रखना अनिवार्य है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बनभूलपुरा में तीन क्लीनिक सील किए जाने के बाद अब क्षेत्र में संचालित अन्य क्लीनिकों पर भी प्रशासन की नजर रहने की संभावना है। स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई होगी या नहीं, यह देखना होगा।

Vishal Sharma