नशे के खिलाफ गुंजन तिवारी की पदयात्रा का आज पहला दिन, कोटाबाग से शुरू होकर गेबुआ पहुंचा अभियान

Spread the love

कोटाबाग/रामनगर। उत्तराखंड में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से वरिष्ठ समाजसेवी गुंजन तिवारी की पहल पर निकाली जा रही “नशामुक्त युवा — एक युद्ध नशे के विरुद्ध” पदयात्रा बृहस्पतिवार को कोटाबाग से शुरू हुई और गेबुआ पहुंची। इस यात्रा में आज सैकड़ों युवा, मात्र शक्ति और समाज सेवी शामिल हुए।

इस पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे नशे की समस्या को गंभीरता से लें और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करें।

पदयात्रा की शुरुआत 22 अक्टूबर को सुबह 9 बजे कोटाबाग के बजुनिया हल्दू से हुई। यात्रा अब गेबुआ पहुंच चुकी है। कार्यक्रम के मुताबिक, 23 अक्टूबर को पदयात्रा गेबुआ से आगे जारी रहेगी और इसका समापन 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में होगा। यात्रा कासमापन समारोह दोपहर 2 बजे कमलुआगांजा रोड स्थित श्री रघुनाथ बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया जाना निर्धारित है।

गुंजन तिवारी के नेतृत्व में चल रही इस पहल का संदेश है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। युवाओं को नशे से बचाने, परिवारों को जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को इस अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

नशामुक्त युवा ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव हैं। ऐसे अभियानों के जरिए युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Vishal Sharma