हल्द्वानी।
हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में नशे के खिलाफ नैनीताल पुलिस का अभियान लगातार जारी है। लालकुआं क्षेत्र में एसओजी और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 65 लाख रुपये कीमत की स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी एक अल्टो कार में स्मैक लेकर जा रहे थे, जिन्हें चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर को लालकुआं क्षेत्र के सुभाष नगर बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान UP24-H-4787 नंबर की अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख 40 हजार रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय नदीम खान उर्फ गण्डा, निवासी इन्द्रानगर, पुलभट्टा क्षेत्र और 51 वर्षीय मो. शफीक उर्फ शफी, निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की जानकारी दी है।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि इस नशे के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और स्मैक की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी।
इस कार्रवाई में कोतवाली लालकुआं पुलिस और नैनीताल पुलिस की एसओजी टीम शामिल रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के सराहनीय कार्य के लिए 2 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
फिलहाल, 218 ग्राम से ज्यादा स्मैक की बरामदगी के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। आरोपियों से पूछताछ और जांच के आधार पर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।

