मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के संबंध में विशेष कदम उठाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।

बैठक में अधिकारियों को घायल व्यक्तियों को पहले 48 घंटे में कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने हेतु विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। बार-बार यातायात नियमों को तोड़ने वाले लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित किया जाए। साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रेड लाइट और स्पीड वॉयलेशन कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए एवं वाहनों की मॉनिटरिंग के लिए एआई के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाए। अधिकारियों को चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सड़क चौड़ीकरण को प्राथमिकता देने एवं ऐसे स्थलों पर पौधारोपण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को निर्देश दिए कि अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने हेतु स्पीड ब्रेकर या अन्य संभावनाओं को तलाशा जाए। दुर्घटनाओं से बचाव और त्वरित सहायता के लिए जनमानस को प्रशिक्षित करने के लिए फर्स्ट रिस्पॉण्डर ट्रेनिंग प्रोग्राम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। अधिकारियों को सभी सड़कों पर क्रैश बैरियर लगाने हेतु भी निर्देश दिए।

