मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में श्री बदरीनाथ धाम के मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित पुनर्निर्माण कार्यों एवं बद्रीनाथ को स्पिरिचुअल हिल टाउन के रूप में विकसित किए जाने की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों के साथ श्री बद्रीनाथ धाम को आस्था, आध्यात्मिकता, संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं के संतुलित संगम के रूप में विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में देव दर्शनी पॉइंट, बदरी नारायण चौक, दिया आरती स्थल, आईएसबीटी वॉल, वसुधा वाटिका तथा भगवान विष्णु से जुड़े प्रतीकों पर आधारित भव्य कलाकृतियों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक कला और पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखते हुए आधुनिक स्ट्रीटस्कैप, पैदल मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, साइनेज एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में श्री बदरीनाथ धाम को एक दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित कर श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करने के साथ पर्यटन को नई दिशा देने हेतु सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

