हल्द्वानी। उत्तराखंड की पत्रकारिता, सामाजिक सरोकारों और विकास के मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ‘विशाल की गूंज’ द्वारा ‘दिशा उत्तराखंड मीडिया कॉन्क्लेव’ का भव्य आयोजन 10 जुलाई को नीलमणि बैंक्वेट एंड होटल, रामपुर रोड, हल्द्वानी में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से पत्रकार, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी, उद्योगपति और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्र होकर उत्तराखंड के वर्तमान और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही वहा उपस्थित सभी दर्शक भी सभी जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछ सकेंगे।
मीडिया कॉन्क्लेव के आयोजक विशाल शर्मा के अनुसार, इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश के विकास, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, संस्कृति और सामाजिक चुनौतियों पर गंभीर मंथन करना है। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अतिथियों का सम्मान भी किया जाएगा।
इस अवसर पर अनेक विशिष्ट अतिथियों, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिष्ठित सामाजिक हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। साथ ही मीडिया जगत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार भी अपने अनुभव साझा करेंगे और वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर चर्चा करेंगे।
मीडिया कॉन्क्लेव के आयोजक विशाल शर्मा ने हल्द्वानी सहित पूरे उत्तराखंड के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि ‘दिशा उत्तराखंड मीडिया कॉन्क्लेव’ प्रदेश के विकास और सकारात्मक संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। साथ ही विशाल की गूंज ने हल्द्वानी के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 10 जुलाई को आयोजित होने वाले इस विशेष कॉन्क्लेव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दें।

