हल्द्वानी। विशाल की गूंज द्वारा आयोजित ‘दिशा उत्तराखंड मीडिया कॉन्क्लेव’ का भव्य एवं सफल आयोजन 10 जुलाई को हल्द्वानी स्थित नीलमणि बैंक्वेट एंड होटल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, उद्योगपतियों तथा युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कॉन्क्लेव मे मुख्य अतिथि के रूप मे शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज और सांसद अजय भट्ट ने शिरकत की, कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने दीप प्रज्वलन के साथ की।

कॉन्क्लेव का उद्देश्य उत्तराखंड की पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार, विकास, शिक्षा, युवा शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मीडिया केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने निष्पक्ष, जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता पर अपने विचार साझा किए। साथ ही उत्तराखंड के विकास, युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार, खेल, पर्यटन और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने प्रदेश के समग्र विकास में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर समाज, पत्रकारिता और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक व्यक्तित्वों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक मंच बताया।

मीडिया कॉन्क्लेव के आयोजक विशाल शर्मा ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रायोजकों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘दिशा उत्तराखंड मीडिया कॉन्क्लेव’ भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित के विषयों पर संवाद का सशक्त मंच बनकर कार्य करता रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड में सकारात्मक सोच, सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदार पत्रकारिता को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

