रुद्रप्रयाग में टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने की घटना पर मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त, घायलों को किया गया एयर लिफ्ट

Spread the love

रुद्रप्रयाग जिले से आज सुबह आई हादसे की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बदरीनाथ दर्शन के लिए जा रहे यात्रियों का वाहन अलकनंदा नदी में समा गया। कुछ लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। कुछ की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं कुछ लोग अभी भी लापता है। घायलों को अस्पताल लाया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। वाहन में चालक सहित 19 लोग सवार थे। 17 लोग एक परिवार के थे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अब तक नौ लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें दो की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। आठ घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया है। घायलों में कई छोटे बच्चे भी हैं। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने अलकनंदा नदी में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, लेकिन तेज बहाव और दुर्गम स्थल के कारण राहत कार्य में खासी मुश्किलें आ रही हैं।

वहीँ इस घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक व्यक्त किया है, मुख्यमंत्री ने सोशल मिडिया पर एक पोस्ट किया है जिस में उन्होंने लिखा, जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। SDRF सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।

घायलों के इलाज की जानकारी देते हुए भी मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मिडिया पर लिखा, जनपद रुद्रप्रयाग में टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना में घायल यात्रियों के उपचार हेतु राहत कार्य लगातार जारी है। गंभीर रूप से घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाते हुए 3 यात्रियों को हेली एम्बुलेंस से AIIMS ऋषिकेश भेजा गया है। लापता यात्रियों की खोज के लिए SDRF और जल पुलिस की टीमें सक्रिय रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

Vishal Sharma