टनकपुर चम्पावत में हुआ टूर मैनेजर प्रशिक्षण का भव्य शुभारंभ

Spread the love

टनकपुर। उत्तराखंड में पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने तथा स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग उत्तराखंड एवं टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल (THSC) के सहयोग से विद्या सोसाइटी द्वारा संचालित टूर मैनेजर प्रशिक्षण कार्यक्रम का टनकपुर में भव्य शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्तराखंड शासन के पर्यटन सचिव, आईएएस श्री धीराज गर्ब्याल के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है।

                 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टनकपुर नगर पालिका अध्यक्ष श्री विपिन कुमार वर्मा रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का पर्यटन विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और प्रशिक्षित युवाओं के माध्यम से इसे और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से पर्यटन क्षेत्र में नए अवसरों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में टनकपुर डिग्री कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती अनुपमा तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास एवं रोजगार सृजन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक धरोहर को विश्व तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम भी है।

           

उत्तराखंड पर्यटन की अपर निदेशक श्रीमती पूनम चंद वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़ीं और प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षित टूर मैनेजर उत्तराखंड पर्यटन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। प्रशिक्षण सत्रों में मार्गदर्शन हेतु ट्रेनर श्री नरेश रावत एवं श्री विजय तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में टूर प्लानिंग, आपदा प्रबंधन, संवाद कौशल, पर्यटक सुरक्षा, डिजिटल टूल्स का प्रयोग तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रो. एम. एस. चौहान, मीडिया प्रभारी श्री सौरव गुप्ता तथा जिला पर्यटन विकास अधिकारी (DTDO) श्रीमती लता बिष्ट भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 40 प्रतिभागियों ने नामांकन किया है।  यह पहल टनकपुर में रोजगार सृजन एवं पर्यटन संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Vishal Sharma