सुशीला तिवारी अस्पताल में उपनल के 700 कार्यकारीयो ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, चार महीने से नहीं मिला है वेतन

Spread the love

हल्द्वानी– कुमाऊं के सबसे बड़े अस्पताल सुशीला तिवारी और मेडिकल कॉलेज में काम करने वाले उपनल कर्मचारियों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर अस्पताल प्रबंधन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

दरअसल सुशीला तिवारी अस्पताल में उपनल के करीब 700 कार्यकारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह पिछले 20 सालों से ज्यादा समय से सुशीला तिवारी अपस्ताल में कार्य कर रहे हैं। कोविड के दौरान भी उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा की। लेकिन पिछले चार महीनों से उनको वेतन नहीं दिया गया है। कर्मचारी अपनी पूरी सेवा देते आ रहे हैं, लेकिन उनको अभी तक स्थाई कर्मचारी भी नहीं बनाया गया है। जिससे उनके सामने परेशानियां आ रही हैं।

कर्मचारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वो जल्द बड़ा आंदोलन करेंगे। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी दी है कि तीन दिन के भीतर अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होगी।

इधर, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने कहा कि कर्मचारियों को करीब 4 महीने से वेतन नहीं मिला है। इसको लेकर शासन स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। इनके पद सृजित नहीं होने के चलते बजट नहीं मिला है। शासन स्तर से बजट रिलीज होते ही कर्मचारियों को वेतन मिल जाएगा।

Vishal Sharma