रामनगर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में ₹29.65 करोड़ की लागत से निर्मित 220.90 मीटर लंबे धनगढ़ी पुल का लोकार्पण किया। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर निर्मित यह आधुनिक सेतु कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान सहित पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान करेगा।
बरसात के दौरान धनगढ़ी नाले में जलस्तर बढ़ने से आवागमन में आने वाली वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा। इससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के साथ पर्यटन, व्यापार, आपातकालीन सेवाओं और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तराखंड में आधुनिक आधारभूत संरचना और विश्वस्तरीय सड़क संपर्क के निर्माण का कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहा है। हमारा संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़कर विकास के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएँ।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, डॉ. प्रमोद नैनवाल, महेश जीना तथा भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


