टनकपुर में टूर मैनेजर प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ सफल समापन

Spread the love

टनकपुर । टनकपुर में पिछले 15 दिनों से संचालित टूर मैनेजर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा प्रायोजित, टूरिज़्म हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल (THSC) के सहयोग से तथा विद्या सोसाइटी के माध्यम से संचालित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सचिव पर्यटन श्री धीराज सिंह गर्ब्याल (आईएएस) के दिशा-निर्देशों में किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुखमंत्री प्रतिनिधि टनकपुर श्री दीपक रजवार जी रहे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय युवाओं को पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करते हैं तथा राज्य की आर्थिकी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में पर्यटन विभाग की अपर निदेशक श्रीमती पूनम चंद वर्चुअल माध्यम से जुड़ीं और सभी प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह में प्रशिक्षण प्रदाता नरेश रावत, विद्या सोसाइटी के प्रतिनिधि विजय तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ सुषमा जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव साझा करते हुए इसे अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा आयोजकों एवं उत्तराखंड पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त किया।

Vishal Sharma