रामनगर – आज रामनगर स्थित बिजली विभाग (हाइडिल ऑफिस) में लगातार हो रही बिजली कटौती और आपूर्ति ठप रहने के विरोध में ‘जीएम एसोसिएशन रामनगर जिम कॉर्बेट’ के तत्वावधान में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा की क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण जिम कॉर्बेट क्षेत्र के पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय और आम जनजीवन पर बेहद बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इस समस्या की ओर बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई सुधार न किए जाने पर एसोसिएशन को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।
इस धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लार्ड, सुंदर सिंह बिष्ट, अनिल भोटियाल, और कैलाश धाकड़ ने संयुक्त रूप से किया। धरने के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरा आक्रोश जताते हुए जमकर नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लार्ड ने कहा कि, “बिजली की अनिश्चित आपूर्ति के कारण कॉर्बेट क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय व्यवस्था को भारी नुकसान हो रहा है। यदि विभाग ने तुरंत सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की, तो जीएम एसोसिएशन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।”
इसके पश्चात एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के अधिकारियों को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिस पर अधिकारियों द्वारा शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना स्थगित किया गया। इस मौके पर सुंदर सिंह बिष्ट, अनिल भोटियाल, कैलाश धाकड़ सहित जीएम एसोसिएशन रामनगर जिम कॉर्बेट के तमाम सदस्य, व्यवसायी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ‘जीएम एसोसिएशन रामनगर जिम कॉर्बेट’ ने हाइडिल ऑफिस में किया जोरदार प्रदर्शन

