हल्द्वानी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मॉर्निंग वॉकर एसोसिएशन वेलफेयर क्लब, हल्द्वानी के अध्यक्ष हरीश चंद्र पांडे को उत्तराखंड सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए सिंचाई सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस पद के साथ उन्हें दर्जा राज्य मंत्री का सम्मान भी प्राप्त होगा।
हरीश चंद्र पांडे की नियुक्ति को संगठन और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका का सम्मान माना जा रहा है। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े पांडे विभिन्न सामाजिक, जनहित एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। हल्द्वानी क्षेत्र में मॉर्निंग वॉकर एसोसिएशन वेलफेयर क्लब के माध्यम से भी उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का सफल संचालन किया है।
उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव का लाभ प्रदेश की सिंचाई व्यवस्था और जल संसाधन प्रबंधन को मिलेगा।
हरीश चंद्र पांडे ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों और सिंचाई से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए वे निरंतर कार्य करेंगे तथा प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

